राजनीतिक स्वार्थ साधने को पांगी दौरा कर रही सांसद प्रतिभा सिंह:प्रकाश ठाकुर

चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी में मात्र अपना राजनीतिक स्वार्थ साधने के लिए सांसद प्रतिभा सिंह पांगी पहुंची हैं। लोक सभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घाटी के लोगों ने उन्हें लोकसभा चुनाव में विजयी बनाया था। लेकिन सांसद ने चुनाव जीतने के बाद पांगी वासियों के प्रति कोई भी संवेदना नहीं रखी। चुनाव जीतने के बाद वह एक बार भी लोगों से मिलने पांगी नहीं आई। यह बात भाजपा मंडल पांगी के अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि पांगी में इन दिनों जुकारू उत्सव शुरू हो रहा है। इसमें मुख्यातिथि बनने और अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए प्रतिभा सिंह पांगी के दौरे पर पहुंची है। जबकि पिछले तीन साल पांगी वासियों ने किसी प्रकार से व्यतीत किए। इसको लेकर उन्होंने कभी भी जानने की जहमत नहीं उठाई। अगले साल लोक सभा के चुनाव होने वाले हैं। इसलिए सांसद पांगी वासियों को बेवकूफ बनाने का प्रयास कर रही हैं। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। क्योंकि पांगी वासी अब समझ चुके हैं कि जो नेता उपचुनाव में जीतने के बाद पांगी नहीं पहुंचा। वह दोबारा उनके लिए चुनाव में जीत हासिल करके भी कुछ नहीं करेगा। इसलिए इस बार लोकसभा चुनाव में पांगी से भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से जीत मिलेगी।
जनजातीय क्षेत्र में विकास को लेकर कांग्रेस जो बातें कहती हैं। उसकी पालना उनकी तरफ से कभी नहीं की जाती। केंद्र में भाजपा की सरकार ने पांगी वासियों के लिए भारतमाला में राष्ट्रीय उच्च मार्ग बनाने की व्यवस्था की है। इसके अलावा साच पास में रोपवे बनाने के लिए भी केंद्र सरकार की योजना है। लेकिन सांसद ने अपने कार्यकाल में एक बार भी संसद में पांगी वासियों की आवाज नहीं उठाई। पांगी से मौजूदा समय में भाजपा के विधायक हैं। उन्होंने जनजातीय लोगों का दर्द इस बार विधानसभा में उठाया। इसको लेकर विधायक की पूरी घाटी में तारीफ हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *