पांगी में वन्य जीवों के अवशेषों के साथ लोगों ने पकड़े अवैध शिकारी

चंबा। पांगी के जंगल मे वन्य जीवों का अवैध शिकार करने वाले शिकारियों की वीडियो सोशल मीडिया में खूब दौड़ रही है। वीडियो में कुछ लोग वन्य जीवों के अवशेषों के साथ दिखाए गए हैं। इस इलाके को मिन्धल धार बताया गया है। वीडियो वायरल होते ही वन विभाग हरकत में आ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और विभाग से ऐसे शिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई है। पांगी की मिंधल धार में जब स्थानीय लोगों ने चुराह से आए कुछ लोगों को पकड़ा तथा शक के आधार पर उनके बैग की तलाशी ली। इसमें उनके बैग में जंगली जानवरों के अंश मिले। जिन्हें बैग में छुपाकर ये अवैध शिकारी लेकर जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने जंगली जानवरों के अंश तथा हथियारों की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दी। हैरानी इस बात की है कि पांगी के जंगलो में जहां दुर्लभ प्रजाति के वन्य जीव मिलने के प्रमाण मिले हैं। वहां पर अवैध शिकारी ऐसे वन्य जीवों को मात्र पैसे कमाने के लालच में मौत के घाट उतार रहे हैं। शिकारी जंगल में जाकर वन्य जीवों का अवैध रूप से शिकार करते रहे। लेकिन वन विभाग के कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे पता चलता है कि वनों की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए वन रक्षक अपनी डयूटी कितनी ईमानदारी के साथ निभा रहे हैं। समय रहते ऐसे अवैध शिकारियों पर शिकंजा नहीं कसा गया तो आने वाले समय में पांगी के जंगलो में विलुप्त प्रजाति के साथ अन्य वन्य जीवों का नामोनिशान भी मिट सकता है। इसलिए सरकार, प्रशासन और विभाग ने ऐसे शिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। वनमंडल अधिकारी पांगी सचिन शर्मा ने बताया कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *